पलवल। सीताराम अखाड़ा (पंचवटी मन्दिर) की ओर से रविवार देर शाम को कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम पहुंचे। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में हरियाणा प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं अपितु अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश-प्रदेश का नाम रोशन कर हैं, जिसके पीछे खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ सरकार द्वारा बनाई गई खेल नीति काम कर रही है। सरकार खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को स्कूल स्तर से ही निखारने का काम कर रही है, जिसके चलते आज हरियाणा खेलों का पावर हाऊस बन चुका है। उन्होंने सीताराम अखाड़ा में आयोजित की जा रही कुश्ती में पहलवानों को प्रोत्साहित भी किया। इस अवसर पर सीताराम अखाड़ा (पंचवटी मंदिर) के अध्यक्ष हरेन्द्र पाल राणा ने अखाड़े के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित मांग पत्र खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के समक्ष रखा, जिस पर खेल राज्य मंत्री ने सभी मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया। संवाद