गांव की सड़क जर्जर, लोग परेशान
पलवल। गांव रूंधि से दीघोट सड़क की हालत काफी बदतर है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने की वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। आए दिन इन गड्ढों की वजह से कोई न कोई वाहन चालक अनियंत्रित होकर चोटिल होता रहता है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
गांव दीघोट से रूंधि होते हुए लाडियाका की तरफ जाने वाली सड़क पिछले काफी समय से टूटी हुई है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं और जगह-जगह से उखड़ी हुई है। इस सड़क से कई गांवों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। इसमें गिरकर कई बार दुपहिया वाहन चालक चोटिल भी हो जाते हैं। यह चार किलोमीटर तक की सड़क पर सफर करना इतना मुश्किल है कि वाहन चालक को आधा घंटे तक का समय लग जाता है। कई बार उखड़ी सड़क के कारण वाहन भी पंचर हो जाते हैं। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। गांव रूंधि निवासी मनीष भारद्वाज, राकेश, शांति, देववती, कमलेश, राजवती व गांव दीघोट निवासी हरगोपाल का कहना है कि करीब एक वर्ष से यह सड़क टूटी हुई है। इस पर कई स्कूल भी है। बच्चों को आने-जाने में सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार सड़क बनवाने की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों व सीएम विंडो पर भी शिकायत की गई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।