चार सदस्यीय टीम पांच दिनों तक पलवल में सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से लेगी फीडबैक
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक और पूर्व राष्ट्रीय सचिव पीसी जोशी ने कहा कि 30 जून तक कांग्रेस के नए जिलाध्यक्ष के लिए सर्वेक्षण रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी जाएगी। पर्यवेक्षक एवं ऑब्जर्वर की चार सदस्यीय टीम अगले पांच दिनों तक पलवल जिले में सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेगी।
जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन लिए जाएंगे। कार्यकर्ताओं के फीडबैक के बाद छह नाम छांटकर एआईसीसी को पैनल भेजे जाएंगे। अंतिम फैसला एआईसीसी करेगी।
बृहस्पतिवार को पर्यवेक्षक ने बैठक कर कार्यकर्ताओं के साथ जिलाध्यक्ष पद के नामों के बारे में सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि आम राय बनाकर ही रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बैठक में विधायक मोहम्मद ईसराईल चौधरी, सुरेंदर नरवाल आब्जर्बर, राजेंद्र सिंह खोकियाका, मोहम्मद बिलाल, सजिद, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सविता चौधरी कुंडू आदि मौजूद रहे।