हथीन। गांव घुड़ावली निवासी शोएब को उसके ससुराल वालों ने बंधक बनाकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। युवक के साथ उसके एक अन्य साथी का भी अपहरण किया है।
जानकारी के अनुसार, शोएब का निकाह राजस्थान स्थित भरतपुर जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में गांव मुगास्का निवासी तबस्सुम के साथ हुआ था। दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। इस विवाद को दोनों पक्षों के पंचों ने निपटा दिया था। पंचों ने तय किया कि 11 जुलाई को शोएब पत्नी को लेने मुगास्का जाएगा। शोएब अपने साथियों के साथ ससुराल पहुंचा। उसके साथ रूपडाका गांव के भी परिजन थे। कई लोगों ने आकर शोएब एवं उसके साथी हकमुद्दीन का हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया और गाड़ी में बैठाकर कहीं ले गए। शोएब के पिता याकूब ने बताया कि दोनों को छोड़ने के लिए 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। इस संबंध में राजस्थान की पहाड़ी थाने में शिकायत दी है। पुलिस छुड़ाने का प्रयास कर रही है।