29श्चड्डद्यश्च1- पलवल अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई के दौरान मौजूद परिजन।
29श्चड्डद्यश्च2- मृतक विनोद का फाइल फोटो।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, घर छोड़ चली आई युवक के घर
परिजनों ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जान से मारने की दी थी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। इंस्टाग्राम पर एक युवती से दोस्ती करने की कीमत युवक को जान देकर चुकानी पड़ी। लड़की के परिजनों द्वारा जान से मारने की धमकी व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने से आहत युवक ने फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। लड़की युवक पर शादी का दबाव बना रही थी और उसके पास चली आई। युवक के परिजनों ने युवती को उसके परिजनों के हवाले कर दिया तो उन्होंने युवक को धमकी देनी शुरू कर दी। चांदहट थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर युवती व उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी डीएसपी विजयपाल के अनुसार, गांव रसूलपुर निवासी प्रदीप ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके भाई विनोद की मोनू शर्मा नामक युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हो गई। काफी समय से युवती से उसके भाई की फोन पर बातचीत हो रही थी। 28 अप्रैल शुक्रवार को उसके भाई विनोद ने उसे फोन कर बताया कि उक्त युवती उस पर शादी का दबाव बना रही है तथा सुबह पांच बजे अपना घर छोड़कर उसके पास गांव में चली आई है। वह लड़की को घर वापस छोड़ने के लिए गया, परंतु लड़की ने घर वापस जाने से मना कर दिया। उसने किठवाड़ी पुल के नीचे रहने वाले मौसा डिगंबर को विनोद के पास जाने को कहा। डिगंबर ने युवती के परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंप दिया और उसका भाई घर वापस आ गया। उसके बाद लड़की के परिजन विनोद को फोन कर जान से मारने की धमकी देने लगे। उन्होंने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए कहा कि तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। तेरी औकात इतनी नहीं है कि उसकी लड़की से दोस्ती करे। विनोद ने उसे फोन पर रोते हुए बताया कि लड़की के परिजन उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। वह गांव के सरपंच सहित मौजिज लोगों को लेकर लड़की के परिजनों के पास गया, परंतु वे नहीं मिले। घर वापस लौटे तो देखा कि विनोद ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
आरोप है कि लड़की के परिजनों के धमकी से आहत होकर विनोद ने आत्महत्या की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।