फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: बुजुर्ग बाहर खड़ी चिल्लाती रही, अधिकारी बोले समाधान कर दिया

विज्ञापन
विज्ञापन
कैप्शन: 7- जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक
विज्ञापन

कैप्शन: 8-20 किलोमीटर से चलकर शिकायत लेकर पहुंची बुजुर्ग श्यामवती
कैप्शन: 9- बेढ़ा पट्टी से मंंत्री के समक्ष शिकायत लेकर पहुंचे लोग, बाहर खड़े हुए
पेंशन से संबंधित अपनी शिकायत का समाधान कराने 20 किलोमीटर चलकर ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में पहुंची थी शिकायतकर्ता
बुजुर्ग महिला को धकेल कर कर दिया दूर, बेढ़ा पट्टी से आए लोगों को भी नहीं दिया मंत्री से मिलने
अनूप पाराशर
पलवल। जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में शुक्रवार को एक बुजुर्ग महिला अपनी पेंशन संबंधित शिकायत लेकर पहुंची, लेकिन वहां मौजूद कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों ने उसे सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल से मिलने ही नहीं दिया, जबकि बैठक में रखे गए एजेंडे में उसकी शिकायत भी थी, फिर भी उस बुजुर्ग महिला को मंत्री तक पहुंचने नहीं दिया गया। बुजुर्ग महिला मंत्री से मिले बिना ही अपनी शिकायत का समाधान न होने के बावजूद वापिस लौट गई। जाते हुए उसका कहना था कि यह बैठक केवल दिखावे के लिए है। यहां गरीबों की कोई सुनवाई नहीं होती। हालांकि बैठक में पेंशन संबंधित आई और शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को सरल बनाया जाए।
शुक्रवार को लघु सचिवालय में हुई जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में कुल 16 शिकायतें रखी गईं। इन 16 शिकायतकर्ताओं में से मात्र 8 शिकायतकर्ता ही बैठक में पहुंचे। जो शिकायतकर्ता बैठक में नहीं पहुंचे, उनकी शिकायतों पर सुनवाई के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मंंत्री के समक्ष उन शिकायतों का निपटान कराने की बात कही तथा कहा कि इसी के चलते शिकायतकर्ता बैठक में नहीं पहुंचे हैं। वहीं बैठक में रखे गए एजेंडे के अलावा अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे और लोगों की शिकायतें मंंत्री ने नहीं सुनी। जिस पर लोग नाराजगी प्रकट करते भी नजर आए। पुलिस से संबंधित आई शिकायतों पर मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने जिला पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए तथा थानों व चौकियों में आने वाले लोगों को सम्मान देने के साथ उनकी शिकायतों व समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत भंगूरी रजवाहे के कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाएं। काम शुरू न करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन

पलवल से करीब 20 किलोमीटर दूर हथीन उपमंडल के गांंव रीबड से श्यामवती नामक बुजुर्ग महिला चलकर जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में पहुंची, लेकिन कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों ने उसे मंत्री के समक्ष नहीं पहुंचने दिया और न ही उसकी शिकायत मंत्री तक पहुंचने दी। बुजुर्ग महिला श्यामवती बैठक के बाहर खड़ी बार-बार मंत्री से मिलने की गुहार लगाती रही, लेकिन अधिकारी व कर्मचारी उसे बाहर की तरफ धकेलते रहे। यहां तक कि जब उसकी शिकायत का नंबर आने पर आवाज लगाई गई, तब भी उसे अंदर नहीं आने दिया गया। बल्कि अधिकारियों ने उसके बाहर होने के बावजूद मंत्री को बोल दिया कि शिकायतकर्ता इसलिए नहीं आई है, क्योंकि उसकी पेंशन बंधवा कर उसे दिलवा दी गई है। जबकि शिकायतकर्ता श्यामवती बाहर शोर मचाती रही। बाद में बैठक के बाद मंत्री जैसे ही बाहर निकले तो अधिकारियों व कर्मचारियों ने उस बुजुर्ग महिला को धकेलकर दूसरी तरफ कर दिए, ताकि वह मंत्री के सामने नहीं आ पाए।
वहीं गांव बेढ़ा पट्टी से आए करीब आधा दर्जन लोगों को भी अधिकारियों ने मंत्री से मिलने नहीं दिया। बेढ़ा पट्टी से आए ओम प्रकाश, गयालाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनकी राशि मंजूर हुई पड़ी है, लेकिन उसका लाभ आज तक नहीं मिल पाया है। वे लगातार चक्कर काट रहे हैं और मंत्री से भी मिलने पहुंचे, लेकिन अधिकारियों ने मिलने नहीं दिया। मंत्री के जाने के बाद उक्त लोगों ने अपनी गुुहार होडल के विधायक जगदीश नायर के समक्ष लगाई।
विज्ञापन

आम जन की समस्याओं का पूरा ध्यान रखा जाए : बनवारी लाल
जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक लेने पहुंचे सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार आम लोगों की समस्याएं दूर करने में लगी है। यही कारण है कि ग्रीवेंस कमेटी की बैठकें आयोजित कर लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया जाता है। आज भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जन की समस्याओं का पूरा ध्यान रखा जाए तथा कार्यालयों में आने पर उनका समाधान किया जाए। इस अवसर पर बैठक में होडल के विधायक जगदीश नायर, पलवल के विधायक दीपक मंगला, हथीन के विधायक प्रवीण डागर, अतिरिक्त उपायुक्त हितेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, नगर परिषद पलवल के चेयरमैन यशपाल, पूर्व विधायक रामरतन, पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल, एसडीएम रणवीर सिंह, एसडीएम लक्ष्मी नारायण, नगराधीश द्विजा सहित प्रशासनिक एवं जिला अधिकारी और परिवाद समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें