अग्निशमन यंत्र और लिफ्ट खराब पड़े, अस्पताल की दीवारों से रिस रहा पानी
विज्ञापन
मोहम्मद अम्मार
पलवल। जिले के नागरिक अस्पताल को खुद भी इलाज की दरकार है। नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं की कमी से अस्पताल लगातार जूझ रहा है। अग्निशमन यंत्र और लिफ्ट खराब पड़ी हैं। वार्डों की हालत भी ठीक नहीं है। अस्पताल में पाइप फटने के कारण कई जगहों से पानी बह रहा है। इस वजह से भवन की दीवारों में सीलन आने लगी है। अस्पताल में आने वाले लोगों का कहना है कि इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि भवन की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
वहीं, सबसे गंभीर समस्या फायर फाइटिंग सिस्टम का सुचारू रूप से न चलना है। आगजनी जैसी किसी भी आपात स्थिति में मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा खड़ा हो सकता है। अस्पताल में हर रोज ढाई से तीन हजार मरीज और तीमारदार पहुंचते हैं, लेकिन आग लगने जैसी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा का कोई साधन मौजूद नहीं है। इसके अलावा गर्मियों में धूप सीधे भवन के अंदर पहुंचती है, जिससे वार्डों और अन्य कक्षों का तापमान बढ़ जाता है। इस वजह से जिससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी होती है। वहीं ऊर्जा खपत बढ़ने से एयर कंडीशनिंग व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
विज्ञापन
बता दें कि अस्पताल का निर्माण पीडब्ल्यूडी ने करीब 13 साल पहले किया था लेकिन आज तक अस्पताल प्रशासन ने भवन का विधिवत हैंडओवर नहीं लिया। इस बीच भवन में कई तकनीकी खामियां सामने आ चुकी हैं।
लेबर वार्ड के सामने की लिफ्ट खराब
अस्पताल में लेबर वार्ड के सामने स्थित लिफ्ट खराब पड़ी है। लिफ्ट बंद होने के कारण गर्भवती महिलाओं, मरीजों और उनके परिजनों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द लिफ्ट को ठीक कराने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और अस्पताल की सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
अस्पताल भवन में इस समय रिनोवेशन चल रहा है। विभाग की ओर से आवश्यक सुधार और शेष कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। लगभग एक महीने के भीतर सभी काम पूरे कर भवन का हैंडओवर कर दिया जाएगा। -रितेश यादव, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विभागीय स्तर पर निर्माण और सुधार कार्य जारी हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्पताल में रिनोवेशन का कार्य किया जा रहा है। सभी कार्य पूरे होने के बाद अस्पताल प्रशासन भवन का औपचारिक रूप से हैंडओवर ले लेगा। -डॉ. सत्येंद्र वशिष्ठ, सिविल सर्जन जिला नागरिक अस्पताल