हथीन। उपमंडल के गांव भमरोला जोगी स्थित केसीएम वर्ल्ड स्कूल में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं को सुना। राव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से शुरू किया गया छात्रों की गूंज अभियान देश के छात्रों की आवाज को सुनने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने का राष्ट्रीय अभियान है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का छात्र पेपर लीक, बढ़ती कोचिंग फीस व उस पर जीएसटी का बोझ, शिक्षा के निजीकरण, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, बेरोजगारी, मानसिक तनाव और छात्र का जान देने जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। करोड़ों परिवार अपनी जीवनभर की कमाई बच्चों की शिक्षा पर लगा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद रोजगार की कोई गारंटी नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा व्यवस्था युवाओं को आगे बढ़ाने के बजाय रिजेक्शन सिस्टम बन गई है। रोजगार की स्थिति भी बेहद चिंताजनक है, जहां 1,000 छात्रों में केवल 12 को ही वेतन वाला औपचारिक रोजगार मिलता है, 691 युवा असंगठित एवं असुरक्षित कार्यों में काम करने को मजबूर हैं व 297 युवा बेरोजगार या बिना किसी काम के हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस के प्रधान नेत्रपाल अधाना ने की। कार्यक्रम में हथीन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह खोकियाका एवं अन्य पार्टी नेता भी उपस्थित रहे। संवाद