पंचवटी चौक से जोधपुर सड़क की हालत खराब, राहगीरों को परेशानी
- गड्ढों में हुए कीचड़ से राहगीरों का चलना हो रहा मुश्किल, हादसों का रहता है डर, शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सोहना रोड स्थित पंचवटी चौक से जोधपुर सड़क की हालत इन दिनों बद से बदतर हो गई है। सड़क पर हुए गड्ढों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। वहीं, सड़क पर हुआ कीचड़ लोगों के लिए दुखदायी बना हुआ है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि हल्की बारिश होते ही पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार इसकी शिकायत जिम्मेवार अधिकारियों से की गई है, परंतु समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
दरअसल, पंचवटी चौक से गांव जोधपुर के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क बनी है। यह सड़क आगे चलकर जोधपुर से हथीन रोड पर निकल जाती है। इसके अलावा गांव चिरावटा होते हुए यह राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ती है। गांव रजपुरा व टीकरी ब्राह्मण भी इस सड़क से पहुंच सकते हैं। वहीं, पंचवटी चौक से इस सड़क के दोनों तरफ काफी आबादी बसी हुई है। ओमेक्स सिटी फेस टू में भी जाने के लिए यह सड़क उपयुक्त है। इस सड़क से हजारों लोगों का आवागमन होता है। काफी दिनों से इस सड़क की हालत बेहद खराब है। पंचवटी चौक से करीब 500 मीटर तक सड़क पूरी उखड़ चुकी है। इसमें काफी गड्ढे हो गए हैं। सड़क के दोनों तरफ नाली नहीं है, जिससे घरों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। राहगीर दिनेश, आकाश, अनूप, रोहताश का कहना है कि सड़क पर काफी गड्ढे हो गए हैं, जिससे हादसे का डर रहता है। प्रशासन को सड़क का संज्ञान लेना चाहिए।
मामले में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता से लेकर कार्यकारी अभियंता तक संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु किसी ने फोन नहीं उठाया। जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार का कहना है कि मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। जल्द ही विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
सड़क की हालत काफी दिनों से खराब है। सड़क पर काफी गड्ढे हो गए हैं। शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। - जोगेंद्र, राहगीर
सड़क किनारे नाली नहीं बनी है, जिससे घरों का पानी सड़क पर बहता रहता है। प्रशासन को पानी निकासी का उचित प्रबंध करना चाहिए, ताकि सड़क खराब न हो। - नितिन, राहगीर