सिहौल मोड़ से मीसा रोड की हालत खराब
पलवल। सिहौल मोड़ से मीसा रोड की हालत खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है तथा बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। आए दिन कोई न कोई चालक चोटिल होता रहता है। ग्रामीण कई बार इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके समस्या जस की तस है।
पलवल-अलीगढ़ रोड स्थित सिहौल मोड़ से गांव मीसा के लिए करीब 800 मीटर लंबी सड़क बनी हुई है। यह सड़क अलीगढ़ रोड से मीसा सहित कई गांवों को जोड़ती है। इस सड़क पर रोजाना दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन होता है, परंतु पिछले लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है।
गांव मीसा निवासी जगवीर, राजेंद्र, नारायण, राजन, अमरपाल का कहना है कि सड़क पिछले कई वर्षों से खराब है। इसके कारण उन्हें चांदहट मोड़ से होकर गांव आना पड़ता है, जो काफी दूर पड़ता है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
सड़क के निर्माण के लिए कई अधिकारियों को शिकायत दी गई है। विधायक दीपक मंगला से भी रोड बनवाने के लिए अपील की है। उन्होंने जल्द ही सड़क बनवाने का आश्वासन दिया है।
- रीना देवी, ग्राम सरपंच मीसा