फोटो कैप्शन21पीएएलपी8- पलवल अस्पताल में मौजूद मृतक दीपक के परिजन।
21पीएएलपी9- मृतक दीपक का फाइल फोटो।
आरोपी ने पहले शराब पिलाई, फिर नहर में फेंका
शेषसाईं गांव के पास से बरामद हुआ शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। फरीदाबाद के बीके अस्पताल में कार्यरत गांव अमरौली निवासी 36 वर्षीय क्लर्क की आगरा नहर में डूबने से मौत हो गई। बुधवार को युवक का शव गांव शेषसाईं के समीप से बरामद किया गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर क्लर्क को नहर में धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मंगलवार सायं से मृतक युवक की तलाश कर रही थी। चांदहट थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कैलाश भड़ाना के अनुसार, गांव अमरौली निवासी अमित ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका बड़ा भाई दीपक फरीदाबाद स्थित बीके अस्पताल के सीएमओ कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत था। 20 जून मंगलवार की सुबह आठ बजे दीपक घर से तैयार होकर ड्यूटी के लिए निकल रहा था। तभी गांव निवासी दिनेश उसे अपने साथ ले गया। दिनेश ने उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में दीपक को आगरा नहर में फेंक किया। शाम को उन्हें सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व उन्होंने नहर में दीपक को ढूंढने का प्रयास किया, परंतु रात होने के कारण उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार को दीपक का शव शेषसाईं गांव के समीप से बरामद हुआ। आरोप है कि आरोपी दिनेश ने उसके भाई को नहर में फेंक कर हत्या कर दी। इससे पहले भी आरोपी ने दीपक को जान से मारने का प्रयास किया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी दिनेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।