बस चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप, होडल के पास नेशनल हाईवे पर ढाबे पर रुकी थी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे पर ढाबे पर यूपी रोडवेज की बस से हुई दुर्घटना में घायल हुए परिचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिचालक सवारी बुलाने के लिए बस से उतरा था। इसी दौरान वह बस की चपेट में आ गया। पुलिस ने मृतक परिचालक सूरजभान निवासी गांव सराय जिला आगरा के बेटे मनीष की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता सूरजभान यूपी रोडवेज की बस में परिचालक के तौर पर तैनात थे।
12 जून को उनके पिता की ड्यूटी दिल्ली से आगरा जा रही बस में लगी थी। इसी दौरान होडल के समीप हाईवे पर अमन ढाबे पर यात्रियों के खाना खाने के लिए बस रुकी। वहां से बस चलने लगी तो उसके पिता ने पाया कि एक सवारी कम है। उसके पिता जब सवारी को बुलाने के लिए उतरे। तभी चालक की लापरवाही से वह बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मथुरा के बाद आगरा अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।