पलवल। गांव कुसलीपुर में बनाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक भवन का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। विधायक दीपक मंगला द्वारा शुभारंभ के पांच दिन बाद ही कोई शिलापट्ट उखाड़ ले गया। जिस पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का नाम भी लिखा हुआ था। समिति ने मामले की शिकायत कैंप थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस जांच कर रही है।
गांव कुसलीपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम से सामुदायिक भवन एवं पार्क का निर्माण किया जा रहा है। करीब ढाई एकड़ में बनाए जा रहे इस पार्क में राष्ट्रीय राजमार्ग व रहराना सड़क की तरफ से दो रास्ते हैं। रहराना सड़क वाले रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जे किए हुए हैं। समिति ने नगर परिषद से कई बार कब्जे खाली करवाने के लिए शिकायत दी थी। 20 फरवरी को विधायक दीपक मंगला ने भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। शिलापट्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक दीपक मंगला, नगर परिषद की चेयरपर्सन इंदू भारद्वाज सहित अन्य लोगों के नाम लिखे थे। 22 फरवरी को नगर परिषद अधिकारी दल बल के साथ भवन से अवैध कब्जों को खाली करवाने पहुंचे। इस दौरान पुलिस पर पथराव और राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम लगाया गया था। मामले में पुलिस ने दर्जनों लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था। जिसके बाद किसी ने शिलापट्ट की चुरा लिया।