तावड़ू नगर में मस्जिद के पीछे खुले क्षेत्र में फेंकने से बदबू फैल रही
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नगर में कचरा प्रबंधन को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर के बुराका-पचगांव सड़क पर स्थित मस्जिद के ठीक पीछे और आबादी वाले क्षेत्र में कूड़ा-कचरा खुले में फेंका जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और नमाजियों को गंभीर परेशानी हो रही है। लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है।
लोगों ने बताया कि तावडू नगर के बुराका-पचगांव सड़क पर लोक निर्माण विभाग कार्यालय के सामने नगर पालिका की एक जगह है, जहां कचरा उठाने वाली ठेकेदार एजेंसी रोजाना शहर के विभिन्न वार्डों से कूड़ा लाकर यहां डाल रही है। आसपास मस्जिद होने के कारण यह स्थान आबादी से सटा हुआ है। कचरे के ढेर में रोजाना आग लगाई जा रही है, जिससे तेज बदबू फैल रही है और धुआं उठ रहा है। इससे मस्जिद में आने वाले नमाजी, खासकर रमजान के महीने में बढ़ी संख्या में इबादत करने वाले लोग, सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह ठेकेदार एजेंसी की लापरवाही है। वे कहते हैं कि नगर से करीब डेड से दो किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में चिह्नित कचरा डंपिंग साइट मौजूद है, जहां कचरा ले जाकर ठीक से निस्तारण किया जाना चाहिए। लेकिन छोटे वाहनों के पहुंच न पाने और वहां निर्माण कार्य चलने के बहाने यहां अस्थायी रूप से कचरा डाला जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि आबादी क्षेत्र और मस्जिद के पास किसी भी तरह का कचरा न फेंका जाए, कचरे को सीधे चिह्नित डंपिंग साइट पर ले जाया जाए,वहां उचित निस्तारण की व्यवस्था हो और प्रदूषण नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए सख्त कार्रवाई हो।
वहीं कचरा उठाने वाली एजेंसी के ठेकेदार बिशन कुमार ने बताया कि चिह्नित जगह पर फिलहाल निर्माण कार्य चल रहा है, जिस कारण छोटे वाहन वहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसलिए अस्थायी रूप से नगर पालिका की इस जगह पर कचरा डाला जा रहा है, जिसे रोजाना हटाया भी जाता है। आग लगने की घटना पर उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जाएगी और इसे रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थायी समाधान निकाल लिया जाएगा।
फोटो:- फेंके गए कचरे में सुलगती आग।