संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उटावड़ के गांव मालुका में एक युवक को ससुराल बुलाकर पहले बंधक बनाया फिर जबरन तलाक दिलवाया गया। पीड़ित युवक साहिल, निवासी गांव जराली, ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, धमकी और जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने का आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को समरदीन, दीनु, यूसुफ, आरिफ, अकबरी, सुबानी, वरीसा, तसलीमा और तबस्सुम के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
साहिल के अनुसार, उसकी शादी अप्रैल 2025 में मालुका गांव की तबस्सुम से हुई थी। 16 दिसंबर को ससुराल पक्ष के बुलावे पर वह अपने साथियों के साथ पत्नी को पहली बार विदा कराने वहां पहुंचा था। आरोप है कि घर के अंदर जाते ही आरोपियों ने दरवाजा बंद कर उसे कमरे में बंद कर दिया और बंधक बना लिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उस पर कट्टा तानकर कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए। साथ ही मोबाइल पर वीडियो बनवाकर उससे तलाक दिलवाया गया।
विरोध करने पर डंडों और लात-घूसों से पिटाई की गई, जिससे वह बेहोश हो गया। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे थाना क्षेत्र के पास छोड़कर भाग गए। साहिल को गंभीर अवस्था में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। शिकायत मिलने पर हेड कांस्टेबल अलमुद्दीन ने मौके पर जांच की और प्रारंभिक जांच में बंधक बनाकर मारपीट करने की पुष्टि हुई है। हालांकि, गहने और चेन लूटने के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।