पाटन उदयपुरी गांव में तीन वर्ष बनाए गए बूस्टिंग स्टेशन परिसर में उगी झाडियां
पाटन उदयपुर में जल जीवन मिशन की योजना पर सवाल
चिराग गोयल
फिरोजपुर झिरका। जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पाटन उदयपुर गांव में करीब तीन साल पहले बनाया गया एक लाख लीटर क्षमता वाला पानी के टैंक को पानी का इंतजार है। वर्ष 2023 में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से बनाए गए इस टैंक से ग्रामीणों को आज तक नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिली है। ग्रामीणों का कहना है लाखों खर्च होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिल रहा।
ग्रामीण चेतराम, जोगिंदर, जुबेर और मजीदन ने बताया कि टैंक शुरू होने से पेयजल समस्या दूर होने की उम्मीद थी, लेकिन तीन साल बाद भी स्थिति जस की तस है। मौके पर टैंक के दोनों ढक्कन खुले हैं। एक कमरे में कबाड़ पड़ा है, जबकि दूसरे पर ताला लगा है। पानी सप्लाई के लिए लगाई गई मोटर भी खराब पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें जरूरत के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से मोटर ठीक कराकर टैंक को जल्द चालू कराने की मांग की है।
कोट
गांव में ट्यूबवेल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। गांव में पानी की सप्लाई चल रही है। समस्या को शीघ्र दूर कर दिया जाएगा।
-वली मोहम्मद, एसडीओ, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग