सीएम से सम्मानित हुए जीवन ज्योति स्कूल के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में ‘अमर उजाला’ द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सम्मानित हुए छात्रों के चेहरों पर खुशी की लहर है। सीएम से सम्मानित छात्र गदगद हैं व उनके चेहरे की चमक ही उनकी खुशी को बयान कर रही है। वहीं सीएम से सम्मानित जीवन ज्योति स्कूल के आठों छात्रों का मंगलवार को स्कूल प्रबंधन की तरफ से भी स्वागत किया गया।
अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में जिले के 12 छात्रों को सम्मानित किया गया था। जिनमें जीवन ज्योति स्कूल की दसवीं कक्षा की प्रदेश टॉपर काजल पोसवाल, प्रदेश में सातवें स्थान पर रही हेमलता व नौवें स्थान पर रही पिंकी शामिल हैं। बारहवीं कक्षा में जीवन ज्योति स्कूल के ही विज्ञान संकाय में प्रदेश में सातवें स्थान पर रहे दीपेंद्र सिंह, कला संकाय में जिले की टॉपर व दूसरे स्थान पर रही अनुराधा को तथा कामर्स में प्रदेश के टॉप 10 में स्थान बनाने वाली अंशुल व ममता को सम्मानित किया गया था। स्कूल प्रबंधक वीरेंद्र गहलोत ने होनहार छात्रों को माला पहना कर व मिठाई खिला कर सम्मानित किया।
मानित हुए छात्र खुद को मिले सम्मान के बाद सेलिब्रिटी जैसा महसूस कर रहे हैं। दसवीं कक्षा की प्रदेश टॉपर काजल का कहना है कि सीएम से सम्मान मिलना गौरव की बात है। अमर उजाला के संयोजन में देश के सबसे खूबसूरत शहर में सम्मानित होना जीवन का सबसे यादगार पल रहेगा।
आईएएस बनने का ख्वाब संजोए कला संकाय में बारहवी कक्षा की जिला टॉपर सहर सिद्दीकी ने कहा कि सीएम से सम्मान मिलना कोई छोटी बात नहीं है। वो भी इतने बड़े कार्यक्रम में, जहां प्रदेश भर के होनहार शामिल हुए हों, धन्यवाद अमर उजाला।
सीए की तैयारी कर रही ममता का कहना है कि अब और अधिक मन लगा कर तैयारी करेंगी। इतने बड़े कार्यक्रम में मैडल व सार्टिफिकेट मिलना सपने के समान है। इस प्रकार के कार्यक्रम में सम्मानित होकर हौसला बुलंद होता है और अच्छा करने की प्रेरणा मिलती है।