हथीन। ग्राम मालपुरी में राशन वितरण के संबंध में की गईं उपभोक्ताओं की शिकायतों पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। विभाग के सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने गांव पहुंचकर शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए और डिपो होल्डर शकील के रिकॉर्ड की जांच की। जांच में अनियमितता मिलने पर सप्लाई निलंबित कर दी गई।
जांच के दौरान सामने आया कि डिपो होल्डर ने अगस्त में कई उपभोक्ताओं को पूरा राशन नहीं दिया। कुल 14 उपभोक्ताओं ने डिपो होल्डर पर अनियमितताओं के आरोप लगाए। शुरुआती जांच में गड़बड़ियां पाई जाने पर डिपो होल्डर शकील की सप्लाई तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दी गई। सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि अब गांव में राशन का वितरण किसी अन्य डिपो होल्डर के माध्यम से कराया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को दिक्कत न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि डिपो धारक की नियमित जांच होगी और यदि अनियमितताएं साबित होती हैं तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि गांव के उपभोक्ता मोहम्मद हक्कू, मुफ़ीज़, मुसरफ, असलम, अल्फाज, ईशा, मैमुना और मोहम्मद उमर सहित कई अन्य लोगों ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डिपो होल्डर लंबे समय से राशन वितरण में गड़बड़ी कर रहा है। संवाद