होडल। हाल ही में लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र में अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। शहर में भी कई स्थानों पर सड़कों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं जिनके कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने विभागीय अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों के मामले में गंभीर रहने के निर्देश दिए हैं लेकिन लोक निर्माण विभाग के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं।
शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय महाविद्यालय के सामने पिछले काफी समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। विभाग द्वारा न तो उक्त गड्ढों की मरम्मत कर भरवाया गया है और न ही उनके आसपास चेतावनी के साइन बोर्ड लगवाए गए हैं जिसके कारण यहां से निकलने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं तथा दोपहिया वाहन सवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।