शनिवार शाम 12वीं की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की तीन युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को मृतक छात्र के मामा की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। खबर लिखने तक सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर थे।
शेखपुरा निवासी नरेंद्र पुत्र हरीचंद ने पुलिस को बताया कि उनका भांजा अभिजीत जेसीबी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। इन दिनों उसकी 12वीं कक्षा की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही थीं। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह (नरेंद्र) और उसका चाचेरा भाई ज्ञानेंद्र परीक्षा समाप्त होने पर अभिजीत को स्कूल से लेने के लिए गए थे।
जब वे स्कूल में पहुंचे तो वहां झगड़ा हो रहा था। उन्होंने जब झगड़े के बीच में जाकर देखा तो दो युवक सिविल लाइन पलवल निवासी विशाल व पेंगलतू निवासी निलेश ने भांजे अभिजीत के दोनों हाथ पकड़ रखे थे और बाली नगर पलवल निवासी भानू ने हाथ में लिए हुए चाकू से अभिजीत पर वार कर दिया। जिससे लहूलुहान होकर अभिजीत वहीं गिर पड़ा।
उन्होंने तुरंत अभिजीत को उठाया और अपने ज्ञानेंद्र के साथ उसे अस्पताल ले गए। इसका फायदा उठाकर आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा सकी।