बड़कली से नगीना मुख्य मार्ग पर लगाई गईं स्ट्रीट लाइट शो-पीस बनीं
36 लाख रुपये में लगीं लाइट व खंभे
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। बड़कली से नगीना मुख्य मार्ग पर रात के अंधेरे से निजात दिलाने के लिए लगाई गई स्ट्रीट लाइटें बिजली कनेक्शन के अभाव में महज शो-पीस बनकर रह गई हैं। करीब 36 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के तहत खंभे और लाइटें तो लगा दी गईं, लेकिन बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने से राहगीरों को आज भी अंधेरे में सफर करना पड़ रहा है। वर्षों के इंतजार के बाद धरातल पर उतरी योजना का लाभ नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फिरोजपुर विधानसभा क्षेत्र के महु चोपड़ा में इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की घोषणा की थी। लंबा समय बीतने के बाद आखिरकार मार्ग पर खंभे और लाइटें लगाई गईं, लेकिन बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने से योजना अधूरी पड़ी है। रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों को उम्मीद है कि लाइटें चालू होने से आवागमन सुरक्षित होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
उद्योगपति हर्ष आर्य ने कहा कि लाइट चालू होने से सुरक्षा बढ़ेगी। वहीं, रजत जैन ने प्रशासन से जल्द बजट जारी कर स्ट्रीट लाइटें चालू कराने की मांग की।
कोट
स्ट्रीट लाइटों के बिजली कनेक्शन के लिए मांग पत्र भेजा जा चुका है। बजट की मंजूरी मिलते ही जल्द से जल्द कनेक्शन करवाकर लाइटें चालू कर दी जाएंगी। - रवि कुमार, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी