प्रैस वार्ता करते आप के जिला संयोजक कुलदीप कौशिक।
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक कुलदीप कौशिक ने कहा है कि सीएम मनोहर लाल ने मेवात के दोहरे हत्या कांड व दुष्कर्म के मामले को छोटी घटना बताकर संवेदनहीनता का परिचय दिया है। इसके लिए सीएम को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। इसके अलावा 29 सितंबर को हथीन आ रहे सीएम पलवल जिले में की गई अपनी विकास की घोषणाओं व उनके क्रियान्वयन पर श्वेत पत्र जारी करें।
मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कौशिक ने कहा कि भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में गाय के उत्थान के लिए किए वादों पर दो वर्ष में अमलीजामा नहीं पहनाया गया। बल्कि बीजेपी गाय के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेकने में लगी हुई है।
प्रदेश में गाय की दुर्दशा पर आप जिला मुख्यालयों में बीजेपी के विधायकों, मंत्रियों व प्रभावशाली लोगों के निवास पर खूंटा गाड़ कर बेसहारा गाय को बांध कर सांकेतिक प्रदर्शन कर रही है। इसी के तहत 23 सितंबर को सीएम के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला के निवास पर खूंटा गाड़ा जाएगा। इस दौरान धर्मेंद्र सिंह, रणधीर चौहान, मूलचंद, सलीम खान मेवाती व करण सिंह आदि मौजूद थे।