कैंसर के रोगी को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। देश के किसी भी हिस्से में उपचार करा रहे कैंसर रोगी के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फ्री यात्रा का प्रावधान किया है। इसके तहत हरियाणा राज्य परिवहन की बसों के लिए कैंसर पीड़ितों के पास बनाए जाते हैं। फिलहाल तो यह सुविधा केवल रोगी को ही दी जा रही है, भविष्य में एक सहायक का पास भी बनाया जाना संभावित है।
वैसे तो सभी बीमारियों की उपचार पद्धति काफी महंगी है, लेकिन कैंसर रोगी और भी अधिक आर्थिक तंगी से जूझता है। कैंसर रोगी बीमारी के साथ-साथ घोर आर्थिक समस्या से भी जूझता है। आर्थिक सहायता के रुप में स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के बाद हरियाणा रोडवेज की बस में जहां भी कैंसर रोगी का इलाज चल रहा हो, को फ्री किया गया है।
----
36 रोगियों के बनाए जा चुके हैं पास
सिविल अस्पताल में कार्यरत अनीता सौरोत के अनुसार सभी प्रकार के कैंसर रोगियों का अस्पताल में पंजीकरण किया जाता है। पंजीकरण की सुविधा सभी कार्य दिवसों में उपलब्ध है। पंजीकृत रोगी को अस्पताल से ही पास बना कर दिया जाता है।
पास धारक को हरियाणा रोडवेज में वहां तक फ्री सफर की सुविधा मुहैया कराई जाती है, जहां रोगी का इलाज चल रहा हो। इसके तहत अभी तक 36 रोगियों के पंजीकरण के बाद पास बनाए जा चुके हैं। इस बारे में पलवल के सीएमओ का कहना है कि कैंसर रोगी को हरियाणा रोडवेज में उपचार के लिए फ्री यात्रा की व्यवस्था की गई है। पिछले दिनों विभागीय अधिकारियों की बैठक में एक सहायक को भी फ्री सफर मुहैया कराने का प्रस्ताव रखा था।