संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। सीआईए प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह की टीम ने अमेजन कंपनी के ट्रक से चोरी किए गए फोन की बड़ी खेप बरामद कर एक आरोपी सकील निवासी निजामपुर थाना तावडू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की।
सूचना पर टीम ने उजाना ड्रेन एनएच-19 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद बिना नंबर प्लेट के आ रही थार को रोका गया, जिसमें प्लास्टिक के दो कट्टों में एमआई कंपनी के 58 मोबाइल फोन बरामद हुए। इन फोन की कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई। थार चालक ने अपना नाम सकील बताया। आरोपी कोई बिल या दस्तावेज नहीं दिखा सका।
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि डेढ़ माह पहले बिहार के जिला गया में कंटेनर से यह मोबाइल चोरी किए गए थे। पुलिस ने मोबाइल और वाहन जब्त कर थाना होडल में मामला दर्ज किया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। बिहार पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है। अधिकारी ने बताया कि चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। किसी भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।