पलवल में पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को दवा पिलाते हुए
- फोटो : Palwal
पलवल। जिला स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में रविवार को पल्स पोलियो अभियान शुरू हुआ। अभियान का शुभारंभ जिला सिविल सर्जन डॉ.प्रदीप शर्मा ने जिला नागरिक अस्पताल में बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया। इस अवसर पर विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन अन्य स्थानों पर पांच साल तक बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई गई। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि जिले में पल्स पोलियो अभियान 16 जून से 18 जून तक चलेगा। रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिन्ह्ति स्थानों पर बच्चों को दवाई पिलाई जाएगी तथा अगले दो दिन जो बच्चे रह जाएंगे, उन्हें घर-घर जाकर पोलियो दवाई पिलाई जाएगी। अभियान के दौरान एक लाख 82 हजार 560 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत जिले में 852 टीमें बनाई गई है, जिनमें 66 ट्रांजिट व 54 मोबाइल टीमें भी शामिल है। अभियान में गांवों के सरपंचों का भी सहयोग लिया जा रहा है। बस स्टैंड पर पल्स पोलियो अभियान से संबंधित घोषणा करने व सभी बस चालकों को पोलियो बूथ पर बस रोककर बस में सवार बच्चों को पोलियो की दवाई पिलवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारत से पोलियो लगभग समाप्त हो गया है, लेकिन पड़ोसी देशों में पोलियो का प्रकोप जारी है। भारत में पोलियो का एक भी केस ना हो, इसके लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि अपने बच्चों को पोलियो दो बूंद अवश्य पिलवाए, ताकि कोई बच्चा अभियान से अछूता रहे।