संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। कामेड़ा में खेल स्टेडियम के पुनर्निर्माण और पिच निर्माण के लिए 25.09 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी होने के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मेवात कारवां जन संगठन के मानव अधिकार रक्षक ईसब निवासी बीवां ने इस मामले में कैबिनेट मंत्री एवं जिला कष्ट निवारण समिति नूंह के अध्यक्ष विपुल गोयल को शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय और सीएम विंडो पर भी शिकायत की गई। उपायुक्त कार्यालय ने जांच एमडीए को भेजी, लेकिन कार्रवाई अब तक लंबित है।
कोट
मामले की शिकायत मिली थी, जिसकी जांच करने के लिए जिला उपायुक्त को लिखा गया है। जल्दी ही काम शुरू करवाया जाएगा। सरकारी योजनाओं को जल्द से जल्द सिरे चढाया जाए इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं। -
विपुल गोयल, मंत्री, शहरी निकाय, नागरिक उड्डयन एवं राजस्व और आपदा प्रबंधन