संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। ग्राम पंचायत पिनगवां और सफाई कर्मचारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों का कूड़ा सड़क पर न फेंकें, बल्कि पंचायत की ओर से कूड़ा उठाने के लिए लगाए गए ट्रैक्टर में ही डालें। सड़क पर कूड़ा फेंकने से आसपास गंदगी फैलती है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरपंच ललीता तंवर ने कहा कि गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण और दुकानदार का भी कर्तव्य है। दुकानदार अपनी दुकानों से निकलने वाले कूड़े को इधर-उधर फेंकने के बजाय कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर में डालें। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव में सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में दुकानदारों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाएं और सड़क, नालियों व सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालें। सामूहिक प्रयासों से ही पिनगवां को साफ-सुथरा बनाया जा सकता है।