पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में रसूलपुर चौक के पास तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मध्य प्रदेश निवासी राम भरत सिंह ने बताया कि गोवर्धन और भोला के साथ वे मोटरसाइकिल से पंचवटी मंदिर में जन्माष्टमी की पूजा करने आए थे। लौटते समय धान मिल के पास बाइक का तेल खत्म हो गया। तीनों पैदल रसूलपुर चौक पार कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही सफेद कार ने तीनों को टक्कर मार दी।
राहगीरों ने तीनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गोवर्धन और भोला को सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया। इलाज के दौरान गोवर्धन की मौत हो गई। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया की पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है