10 मामले दर्ज हैं आरोपी पर
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल/हथीन।
होडल-पुन्हाना रोड़ पर कोटड़ा के पास शुक्रवार तड़के पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोल बरामद हुआ। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी टीम
डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना ने प्रेसवार्ता में बताया कि एवीटी स्टाफ हथीन प्रभारी पीएसआई तेजपाल के नेतृत्व में टीम अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे सूचना मिली कि गुलाब निवासी लालपुर पुरिया, आसिफ उर्फ गूंगा निवासी रोहिन्दा और काला निवासी रोहिन्दा कोटड़ा के पास हथियारों के साथ बैठे हैं और गोतस्करी में शामिल हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आसिफ के पैर में गोली लगी और वह गिर गया। पुलिस ने उसे मौके से ही काबू कर लिया, जबकि गुलाब और काला भाग निकले।
हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोल बरामद किया। मौके से बिना नंबर की हीरो होंडा बाइक भी मिली, जिसके इंजन और चेसिस नंबर मिटे हुए थे। बाइक से गोकशी में इस्तेमाल होने वाली रस्सी भी बरामद हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
भागे आरोपियों की भी खंगाली जा रही कुंडली
पुलिस के मुताबिक आसिफ के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, डकैती और गोकशी समेत संगीन धाराओं के दस केस दर्ज हैं। फरार दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि 25 सितंबर की रात होडल क्षेत्र में गोवंश ले जाते समय फायरिंग के मामले में भी आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी।
अधिकारी का वर्जन
पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले आरोपी को मुठभेड़ के दौरान काबू किया गया है। उसके दो साथी फरार हैं, जिनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जिले में गोतस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। -
नरेंद्र सिंह खटाना, डीएसपी मुख्यालय, पलवल