पलवल। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले ने स्वच्छता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। जिले की छह ग्राम पंचायतों रूंधि, आमरू, करीमपुर, लालपुर कदीम, घरोट और फरीजनपुर खेड़ला को पॉलिथीन मुक्त घोषित किया गया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इन पंचायतों को पॉलिथीन मुक्त बनाए रखने में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, खंड समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, ग्राम सचिव और सरपंच की अहम जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन का उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है बल्कि यह ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डालता है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक सभी पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।