फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिक्स लेन-एलिवेटेड पुल निर्माण कार्य शुरू कराने को चलेगा हस्ताक्षर अभियान

विज्ञापन
विज्ञापन
पलवल। अमर उजाला द्वारा हाल ही में ‘हाल ए दिल्ली-आगरा राजमार्ग’ की स्थिति पर प्रकाशित खबरों के बाद अब जिले के लोग भी इस मुहिम से जुुड़ने लगे हैं। समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगों ने मुहिम को आगे बढ़ाने और चार माह से रुके पड़े सिक्स लेन व एलिवेटेड पुल के निर्माण कार्य को शुरू कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के द्वारा जिले के लोगों से ज्यादा से ज्यादा हस्ताक्षर कराने के बाद केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडगरी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं कुछ समाजसेवी संस्थाओं द्वारा इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए एक सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू न होने पर भूख हड़ताल करने का भी निर्णय लिया गया है। उधर, अमर उजाला में प्रकाशित समाचारों के बाद जिला उपायुक्त नरेश नरवाल ने भी इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने राजमार्ग पर व्याप्त समस्याओं को दूर कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं।
विज्ञापन

दरअसल, दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर 10 साल पहले शुरू किया सिक्स लेन व तीन साल पहले शुरू हुआ एलिवेटेड पुल का निर्माण कार्य पिछले चार माह से भी अधिक समय से रुका हुआ है। एनएचएआई न तो नौ साल में 240 किलोमीटर बनने वाली सिक्स लेन सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर पाया है और न ही तीन साल में एलिवेटेड पुल का निर्माण कार्य पूरा हो पाया है। इससे दिल्ली-आगरा की तरफ जाने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के अलावा वाहन चालकों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है। निर्माण कार्य रुका होने के कारण एक-एक घंटे वाहन चालक जाम में फंसे रहते हैं। इसके अलावा राजमार्ग पर सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। सड़कों की हालत बेहद खस्ता है तथा लाइटिंग की व्यवस्था नहीं है जिससे सड़क दुर्घटनाओं में काफी इजाफा हुआ है। लोगों की इस समस्या को अमर उजाला द्वारा पूरे 10 दिनों तक प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। मुहिम को आगे बढ़ाने की पहल एलायंस क्लब से जुड़े व समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े मनीष जैन ने शुरूआत की है। समाजसेवी संस्थाओं ने इसे सोशल मीडिया पर भी मुद्दा बनाकर लोगों को जोड़ना शुरू कर दिया है।
सिक्स लेन व एलिवेटेड पुल के निर्माण कार्य रुके होने से पलवल के लोगों को बेहद परेशानी हो रही है। पूरा पलवल जाम के झाम में फंसा रहता है। इस मुद्दे को अमर उजाला द्वारा लगातार कई दिनों तक समाचार के माध्यम से उठाया गया। अब शहर के समाजसेवी संस्थाओं को जोड़कर हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। उसके बाद मुख्यमंत्री व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा।
विज्ञापन

-मनीष जैन, समाजसेवी
सिक्स लेन व एलिवेटेड का निर्माण कार्य यदि जल्द शुरू नहीं किया गया तो हस्ताक्षर अभियान के अलावा भूख हड़ताल भी की जाएगी। आगरा चौक पर शहर के लोग भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इन कार्यों के रुके होने से पूरा पलवल ही नहीं, इस दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर रोजाना चलने वाले हजारों वाहन चालक परेशान हैं। पलवल में इसके चलते प्रदूषण बढ़ गया है तथा स्वच्छता अभियान पूरी तरह से फेल हो गया है। दुर्घटनाओं का खतरा बन गया है।
-दीपक गोयल, वरिष्ठ समाजसेवी
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जहां भाजपा नेताओं को पैसे नहीं मिलते हैं, वहां काम रुकवा दिया जाता है। यही हाल सिक्स लेन व एलिवेटेड पुल का है। जल्द ही इस मामले को लेकर एक आंदोलन शुरू किया जाएगा। पलवल में इन निर्माण कार्यों के रुके होने से जो समस्याएं बनी हुई हैं, उनका जवाब भाजपा नेताओं से मांगा जाएगा। जिले के लोग अब बर्दाश्त नहीं करेंगे, आंदोलन होगा।
-करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक पलवल
सिक्स लेन व एलिवेटेड पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसके लिए बात हो चुकी है। मैंने मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह मामला लाया था। एनएचएआई अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए जा चुके हैं तथा एक सप्ताह के अंदर काम शुरू हो जाएगा। पलवल जिले के लोगों को इस समस्याओं से परेशान नहीं हो दिया जाएगा।
-दीपक मंगला, विधायक पलवल
दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर रुके हुए निर्माण कार्य को जल्द शुरू करा दिया जाएगा। एनएचएआई अधिकारियों को इस बारे में आदेश दिए गया है। इसके अलावा राजमार्ग पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा जहां-जहां सड़क टूटी हुई हैं, उनकी मरम्मत भी कराने को कहा गया है। पलवल जिले में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मैं जिला स्तर पर सभी समस्याओं को स्वयं देख रहा हूं तथा जल्द से जल्द उन्हें दूर कराया जाएगा।
विज्ञापन

-नरेश नरवाल, उपायुक्त पलवल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें