सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने पर पहले आरोपी ने गाली-गलौज की फिर गोली चलाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। थाना चांदहट क्षेत्र के गांव जल्हाका में शनिवार शाम को मामूली विवाद के बाद गोली चलने की घटना सामने आई। किसान राहुल निवासी जल्हाका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई गौरव खेत से लौटते समय शनिदेव मंदिर के पास पहुंचा, जहां एक कार सड़क पर खड़ी थी। गाड़ी हटवाने के लिए हॉर्न बजाने पर कार के पास खड़े विकास उर्फ विक्की ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
गौरव ने घर आकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद राहुल व गौरव विक्की को समझाने होली चौक पहुंचे। वहीं, विक्की ने फोन कर गुलशन, निशु और मामा के लड़के जय निवासी पनेहड़ा कलां को बुला लिया। राहुल के अनुसार, गुलशन ने उस पर फायरिंग की, जो जमीन में लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहुल के पड़ोसी मौके पर पहुंचे व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने विकास, गुलशन, निशु और जय के खिलाफ धारा 287, 115(2), 3(5) बीएनएस व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।