जिला आयुष विभाग और योग सुधी संस्थाओं ने कराया संयुक्त योगाभ्यास, सैकड़ों लोगों ने लिया नियमित योग का संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला आयुष विभाग और अग्रवाल सभा के संयुक्त प्रयास से शनिवार को जिले में कई जगहों पर प्रोटोकॉल अनुसार योगाभ्यास करवाया गया। यह सभी कार्यक्रम जिले स्तर पर आयोजित होने वाले ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सभी ने स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योग को अपनाने का संकल्प लिया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) पलवल के प्रांगण में आयुष योग सहायक योगेन्द्र कुमार ने प्रोटोकॉल योग अभ्यास करवाया। कार्यक्रम में योग युक्त एवं नशा मुक्त हरियाणा का संदेश दिया गया व पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना था।
मोती कॉलोनी स्थित लाला लाजपत राय पार्क में तीन दिवसीय योग शिविर का किया गया शुभारंभ
शहर स्थित लाला लाजपत राय पार्क मोती कॉलोनी में वैश्य अग्रवाल सभा के ओमप्रकाश गुप्ता, शैलेंदर सिंगला, देवेंद्र गुप्ता, पतंजलि योग संस्थान के सुधीर रावत,जगदीश रावत, सतवीर, माता कुमरवती के समन्वय से तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इसमें आयुष योग सहायक ज्ञानचंद, लोकेश, कृष्ण भारद्वाज ने योगाभ्यास कराया। योग शिविर के बाद पौधरोपण भी किया गया।
नंददास बाबा के मंदिर में तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल शिविर
मंडकोला गावं के नंददास बाबा के मंदिर में तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल शिविर आयुष विभाग और पतंजलि तहसील प्रभारी के समन्वय में शुरू हुआ। इसमें मुख्य अतिथि मंदिर के महन्त राम लखन और पतंजलि तहसील प्रभारी मास्टर बिजेंद्र,योग सहायक अभय पाल रावत और योगा इंस्ट्रक्टर अमरजीत डागर, खेम सिंह महाबली ने योग प्रोटोकॉल करवाया।
राजकीय विद्यालय में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, एसडीएम ने ली बैठक
होडल। क्षेत्र में योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत आगामी 21 जून पुन्हाना चौक स्थित राजकीय मॉडर्न संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व हसनपुर में कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसमें विभिन्न स्कूल, कॉलेज सहित अन्य स्थानों पर आम लोग योग करेंगे। यह जानकारी एसडीएम बैलिना ने दी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर आयुष विभाग, खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की बैठक ली है। इसको लेकर 12, 13 और 14 जून को राजकीय विद्यालय में योगाभ्यास कराया जाएगा। संवाद