शिक्षा निदेशालय ने पीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूल के विद्यार्थियों को सुविधा देने के जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। जिले के पीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूल के छात्रों को परिवहन सुविधा देने का निर्णय शिक्षा निदेशालय ने लिया है। जिले में इन स्कूलों के लगभग सात हजार विद्यार्थियों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए छात्रों के पास बनाए जाएंगे। शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, अब छात्रों को रोडवेज विभाग की ओर से विशेष पास उपलब्ध कराए जाएंगे।
पहले इस योजना में पूरा भुगतान विद्यालयों को करना होता था और कई बार इसका हिसाब-किताब छात्रों से लिया जाता था। अब नए आदेश के तहत न तो छात्रों को भुगतान करना होगा और न ही छात्रों से कोई शुल्क लिया जाएगा। छात्रों को पास बनाने के लिए विद्यालय प्राचार्य की ओर से शिक्षा ग्रहण करने का प्रमाण देना होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने योजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सभी स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एक दिन में केवल दो बार ही पास का उपयोग कर सकेंगे
निदेशालय ने साफ कर दिया है कि छात्र एक दिन में केवल दो बार ही पास का उपयोग कर सकेंगे। यानी छात्र सुबह विद्यालय जाते समय और दोपहर या शाम को लौटते समय ही इस पास का इस्तेमाल कर पाएंगे। अगर छात्र किसी अन्य काम से अतिरिक्त यात्रा करना चाहते हैं तो उन्हें सामान्य टिकट लेना अनिवार्य होगा।
विद्यालय प्रबंधन को भी होगा फायदा
नई व्यवस्था से विद्यालयों को भी राहत मिलेगी। पहले उन्हें रोडवेज विभाग को पेमेंट करने में दिक्कत आती थी। कई बार बकाया राशि के कारण परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब भुगतान की जिम्मेदारी सीधे सरकार और रोडवेज विभाग की होगी। वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम शिक्षा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा। मुफ्त यात्रा सुविधा से छात्रों की उपस्थिति भी बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों से पढ़ाई करने आने वाले बच्चों की संख्या में इजाफा होगा।
मॉडल संस्कृति स्कूल के छात्रों के लिए यह योजना शिक्षा जारी रखने में मददगार साबित होगी। अब उन्हें रोजाना आने-जाने में होने वाले खर्च की चिंता नहीं होगी। शिक्षा विभाग के नए आदेश के तहत अब छात्रों को रोडवेज विभाग की ओर से विशेष बस पास उपलब्ध कराए जाएंगे। - कंवरभान यादव, प्रधानाचार्य, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हथीन