प्रसिद्ध शिव मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरीं
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्रावण मास की शुरुआत आज से हो रही है। भगवान शिव को समर्पित इस पवित्र माह को लेकर शहर सहित पूरे जिले में भक्तों में खासा उत्साह है। प्रसिद्ध शिव मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन, रोडवेज, स्वास्थ्य विभाग, रेडक्रॉस और ट्रैफिक पुलिस ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं।
शहर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध पंचवटी मंदिर में सावन माह के दौरान प्रतिदिन धार्मिक आयोजन होंगे। विशेष रूप से प्रत्येक सोमवार भगवान शिव का भव्य श्रृंगार, महाआरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे। श्रीमज्जगद्गुरू अनुभवानन्द द्वाराचार्य पंचवटी पीठाधीश्वर ऋषिकुमार दास देवाचार्य ने बताया कि पंचवटी मंदिर का इतिहास पांडवकालीन माना जाता है। इसकी प्राचीन मान्यता के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सावन माह में भगवान शिव के विशेष अनुष्ठान, रुद्राभिषेक, सत्संग एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिससे पूरे माह मंदिर परिसर शिवभक्ति के रंग में रंगा रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज चलाएगा दो विशेष बसें
जिला रोडवेज महाप्रबंधक जितेंद्र सिंह ने बताया कि सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए फिलहाल दो विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें पहली बस सुबह छह बजे तथा दूसरी बस सुबह 10:30 बजे अपने निर्धारित रूट पर रवाना होगी। यदि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है तो आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहेगा पुलिस बल
सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक थाना प्रभारी रविकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को भी आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा यातायात को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाएगा।
कांवड़ शिविर लगाने के लिए प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन
कांवड़ शिविर लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त नियम लागू किए हैं। बिना संबंधित एसडीएम की पूर्व अनुमति कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन शिविर नहीं लगा सकेगा। शिविर केवल दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग की बाईं ओर (मथुरा दिशा) मुख्य सड़क से करीब 100 फीट दूर लगाए जा सकेंगे। वहीं, दो शिविरों के बीच कम से कम दो किलोमीटर की दूरी रखना अनिवार्य होगा। आदेशों का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा-223 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।