हथीन। सर्व कर्मचारी संघ ने शनिवार को हथीन के विधायक प्रवीण डागर को एक मांगपत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने ठेका प्रथा खत्म करने सहित विभिन्न मांगों को रखते हुए चुनाव के दौरान कर्मचारियों से किए वायदों को पूरा करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम का संचालन ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के यूनिट सचिव वेदपाल तेवतिया ने किया। कर्मचारी जलूस निकालकर विधायक के आवास तक पहुंचे। जिला प्रधान राजेश शर्मा व सचिव योगेश शर्मा ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार सरकारी विभागों को विनिवेश के नाम पर बेचने पर लगी हुई है। सरकारी विभागों के निजीकरण से जहां रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, वहीं जनता को मिलने वाली सुविधाओं में भारी कमी आ रही है। लॉकडाउन को अवसर के रूप में लेते हुए कर्मचारी व मजदूरों को परेशान किया जा रहा है। भाजपा ने 2014 के घोषणा पत्र में कर्मचारियों से किए गए वायदों को भी पूरा नहीं किया है। सरकार ने श्रम कानूनों में पूंजीपतियों के हित में मजदूर विरोधी बदलाव करके मजदूरों के अधिकारों को छीन लिया है। इस दौरान 58 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा की गारंटी देने, एनपीएस को खत्म कर पुरानी पेंशन नीति बहाल कराने व डीए/एलटीसी पर लगी रोक हटाने आदि की मांग उठाई गई। उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में केंद्रीय मंत्रियों को मांगपत्र दिए जाएंगे। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान बनवारीलाल, ब्लाक सचिव धर्मेंद्र शर्मा, ब्लाक कोषाध्यक्ष व हमसा से बिजेंद्र सिंह, प्रेम सहरावत, पब्लिक हेल्थ ब्रांच के उपप्रधान शिवराम कुंडू आदि मौजूद रहे।