संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। विभिन्न मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की पलवल इकाई चार अगस्त को जिला स्तरीय प्रदर्शन करेगा। यह सुबह 10 बजे कुसलीपुर स्थित गुर्जर धर्मशाला से शुरू होगा। जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया ने बताया कि संघ लंबे समय से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग सरकार से करता आ रहा है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल होंगे।
जितेंद्र तेवतिया ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना, प्रदेश के सरकारी विभागों में रिक्त पड़े दो लाख पदों पर स्थायी भर्ती करना, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करना तथा अक्तूबर 2016 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए समान काम-समान वेतन के फैसले को लागू करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।