संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 अगस्त को हथीन उपमंडल के बहीन में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां वन विभाग ने शुरू कर दी हैं। जिला वन अधिकारी सुरेश पुनिया ने बताया कि इस वर्ष वन विभाग ने जिले में दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इनमें से 1.50 लाख पौधे सामाजिक संस्थाओं, नगर परिषद, विभिन्न सरकारी विभागों तथा आमजन के सहयोग से लगाए जाएंगे, जबकि 50 हजार पौधे वन विभाग स्वयं रोपेगा। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत 7 अगस्त को बहीन में वन महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अधिक-से-अधिक संख्या में शामिल होकर पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल का भी संकल्प लेने की अपील की।