- पुराना कोर्ट परिसर में सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पक्का करने की मांग को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारी चौथे दिन भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने हड़ताल को बढ़ाकर सोमवार 16 अक्तूबर तक कर दिया है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने पुराना कोर्ट परिसर में धरना दिया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान वेदराम ने की। इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि यदि सोमवार तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। प्रधान वेदराम ने कहा कि प्रदेश पंचायत मंत्री के साथ हुई चार दौर की बातचीत में उन्हें पे रोल पर करने सहित अन्य मांगों पर समझौता हुआ था, परंतु आज तक इस समझौते को पूरा नहीं किया गया है। कर्मचारी पिछले लंबे समय से पक्का करने को लेकर संघर्ष करते आ रहे हैं, परंतु सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। सरकार स्वच्छ भारत अभियान का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन सफाई से जुड़े कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं के प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं है। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को महीनों तक वेतन नहीं मिलता तथा काम करने के लिए जरूरी औजार तक नहीं दिए जाते। कई जगह पंचायत के मुखिया सफाई कर्मचारियों का शोषण करते हुए व्यक्तिगत काम कराते हैं। काम से मना करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है। यूनियन नेताओं ने मांग की कि विधानसभा में पॉलिसी बनाकर सफाई कर्मियों को पक्का किया जाए। सभी ग्रामीण सफाई कर्मियों को बीडीपीओ के पे-रोल पर लिया जाए। हरियाणा रोजगार कौशल निगम को भंग किया जाए और सफाई कर्मियों को पक्का किया जाए। सफाई कर्मियों के लिए 26 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन लागू किया जाए। दो हजार की बजाए 400 की आबादी पर एक कर्मचारी की स्थाई नियुक्ति करते हुए सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। डोर-टू-डोर के कर्मचारियों को ग्रामीण सफाई कर्मियों के बराबर वेतन व वर्दी भत्ता देकर पीएफ ईएसआई से जोड़ा जाए। एक्सग्रेसिया नीति के तहत परिवार के सदस्य को काम पर रखा जाए। धरने को मोहन सिंह, चंदरवीर, सतपाल, धर्मवीर, रामफूल, शशि, नरेश, जितेंद्र, अर्जुन सिंह, सोनू, किरण, दयाराम व नानकचंद ने भी संबोधित किया।