फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: सड़क पर घंटों से रेत और सांसों पर धूल का कब्जा

विज्ञापन
विज्ञापन
24 घंटे बाद भी नहीं हटाई रेत
विज्ञापन

दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, रेत नहीं हटाने से चालक परेशान


संवाद न्यूज एजेंसी

पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शनिवार सुबह से बिखरी रेत रविवार तक नहीं हटाई गई। 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद सड़क पर रेत फैली रहने से वाहन चालकों की परेशानी कम नहीं हुई। वाहनों के गुजरने से दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहे, जिससे राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। सबसे ज्यादा खतरा दोपहिया वाहन चालकों के लिए बना रहा। रेत पर फिसलने से उनके वाहनों के अनियंत्रित होकर गिरने का डर बना रहा। इसके बावजूद प्रशासन ने रेत हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-1 लागू है। इसके तहत प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पिछले 24 घंटे से सड़क पर फैली रेत धूल के रूप में वातावरण में मिल रही है। इससे वातावरण में धूल का गुबार बना हुआ है।
विज्ञापन

अवैध खनन की शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
सहायक खनन अभियंता सुरेंद्र सोलंकी ने बताया कि विभाग की ओर से जिले में केवल सुल्तानपुर में ही वैध खनन की अनुमति दी गई है। इसके अलावा जिले में किसी अन्य स्थान पर खनन नहीं हो रहा है। जिले में आए दिन अवैध खनन की शिकायतें और चर्चाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद अब तक विभाग की ओर से किसी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। इससे अवैध खनन पर रोक लगाने के विभागीय प्रयासों पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बोलेरो में टक्कर मारने का भी आरोप

माइनिंग ठेकेदार एमएम ट्रेडर्स के सुपरवाइजर हरेन्द्र ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह रसूलपुर चौक पर लाल रंग की कार सवार दो लोगों ने हाइवा चालक को उनकी बोलेरो में टक्कर मारने के लिए उकसाया। इसके बाद हाइवा चालक ने बोलेरो में टक्कर मार दी। कर्मचारियों ने जब हाइवा का पीछा किया तो चालक ने जीटी रोड पर रेत गिरा दी, जिससे यातायात बाधित हो गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को घटना की वीडियो और धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। कैंप थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित हाइवा चालक और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोगों से बातचीत

अक्सर सड़कों पर अवैध खनन सामग्री लेकर वाहन गुजरते दिखाई देते हैं। इसके बावजूद इन पर कार्रवाई होती नजर नहीं आती। वाहनों की पहचान कर पकड़ना चाहिए। - विष्णु

अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सिर्फ प्राथमिकी दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। विभाग को ऐसे वाहनों की नियमित जांच करनी चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए। - राकेश

सड़कों पर पड़ी रेत को 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी नहीं उठाया गया है। वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। दोपहिया चालकों में डर है। - महेंद्र

सड़क पर रेत बिखरी होने के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। - नितिन
लापरवाही के बोल
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बिखरी धूल और रेती को साफ करवाने की जिम्मेदारी एनएचएआई की है। नगर परिषद का इस मामले में कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है। - मनेंद्र सिंह, ईओ, नगर परिषद

सड़क पर फैली रेत को हटाने के लिए टीम को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही सफाई करवाकर सड़क को पहले की तरह साफ और सामान्य करवा दिया जाएगा। - धीरज, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई
विज्ञापन


चालकों के खिलाफ हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विभाग की ओर से अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।- सुरेंद्र सोलंकी, सहायक खनन अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें