हथीन। साध मोहल्ले में स्थित एक दुकान पर चिकित्सकों की टीम ने छापा मारकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। यह छापा उपायुक्त को खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में मारा गया। नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक दुकानदार के खिलाफ किसी ने उपायुक्त को शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि वह मिलावटी व घटिया किस्म के खाद्य पदार्थ बेचता है। जिस पर उपायुक्त नरेश नरवाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ब्रह्मदीप सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उपमंडल नागरिक अस्पताल हथीन के मेडिकल अफसर डॉ. रिषभ गुप्ता व पलवल के नागरिक अस्पताल के मेडिकल अफसर डॉ. गौरव के नेतृत्व में टीम बनाई। टीम ने दुकान पर छापा मारकर सरसों के तेल और बेसन के नमूने लिए। डॉ. रिषभ गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर दुकान से नमूने लिए गए हैं। जिसे जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।