पलवल।
शहर के रॉयल अपार्टमेंट्स निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से साइबर ठगों ने मोबाइल सिम बंद कराकर करीब 2.89 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप के अनुसार रॉयल अपार्टमेंट्स निवासी महेंद्र कुमार अरोड़ा का यूनियन बैंक की आगरा चौक शाखा में खाता है। शिकायत में उन्होंने बताया कि साइबर ठगों ने उनकी जियो सिम को बंद कराकर शनिवार से सोमवार के बीच अलग-अलग बैंक खातों में सात ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,89,500 रुपये ट्रांसफर कर लिए। जब उन्होंने मोबाइल चालू कराया तो खाते से 95 हजार रुपये कटने का संदेश मिला। बैंक पहुंचने पर पता चला कि दो दिनों से लगातार रकम निकाली जा रही थी। शिकायत के दौरान एक महिला ने स्वयं को बैंक ऑफ बड़ौदा से बताकर एक ट्रांजेक्शन होल्ड करने की जानकारी भी दी। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में करीब 99,509 रुपये की राशि होल्ड कराई गई है।