पलवल। जमीन खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में पुलिस ने चार भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने एक ही जमीन का सौदा दो अलग-अलग लोगों से कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की।
फरीदाबाद के सेक्टर-8 निवासी जिलेसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मानपुर गांव निवासी कपिल उर्फ कपिल कुमार, तरुण, रोहित राज और उनके भाई यशवीर ने सितंबर 2023 में करीब 48.825 कनाल जमीन 30 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से बेचने का सौदा किया था। 27 सितंबर 2023 को इकरारनामा तैयार हुआ, जिसकी कुल कीमत 1.83 करोड़ रुपये तय हुई। शिकायतकर्ता ने 29.29 लाख रुपये बतौर बयाना दे दिए, जबकि शेष राशि रजिस्ट्री के समय दी जानी थी।
आरोप है कि तय समय तक आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई। बाद में पता चला कि आरोपियों ने उसी भूमि के हिस्से का इकरारनामा 27 जनवरी 2024 को सोहना निवासी एक अन्य व्यक्ति के पक्ष में भी कर दिया। शिकायतकर्ता ने इसे सुनियोजित धोखाधड़ी और विश्वासघात बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद भड़ाना ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी है।