पलवल में मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते रोडवेज कर्मचारी।
- फोटो : Palwal
रोडवेज कर्मचारियों ने की एक्सग्रेसिया बीमा पॉलिसी में शामिल करने की मांग
पलवल। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की जिला इकाई ने बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए रोडवेज महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से रोडवेज कर्मचारियों को एक्सग्रेसिया बीमा पॉलिसी में शामिल करने की मांग की गई। कोरोना महामारी के दौर में जोखिम भरी ड्यूटी के समय कर्मचारियों की मौत होने पर पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने और ड्यूटी पर कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि जींद डिपो के परिचालक सतपाल, सिरसा डिपो के मैकेनिक चंद्रशेखर धम्मी एवं पलवल डिपो से चालक दीपक की कोरोना संक्रमण की वजह से मृत्यु हो चुकी है। रोडवेज कर्मचारियों ने लॉकडाउन के दौरान प्रवासी श्रमिकों को अलग-अलग प्रदेशों में पहुंचाया, अन्य प्रदेशों से छात्रों को लेकर आए, वहीं वर्तमान में यात्रियों को अलग-अलग स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। तालमेल कमेटी पहले भी पत्र लिखकर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में यह बात ला चुकी है। ज्ञापन में मांग की गई कि रोडवेज कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका व पुलिस की भांति एक्सग्रेसिया बीमा पॉलिसी में शामिल किया जाए। ड्यूटी के दौरान कोरोना से जिन कर्मचारियों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। बसों में सैनिटाइजेशन के अलावा ड्यूटी के दौरान सभी कर्मचारियों को पीपीई किट, मास्क, सैनिटाइजर, दस्ताने आदि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए 5000 रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता लागू किया जाए। वहीं कर्मचारियों का कहना था कि पलवल डिपो के चालक खुर्शीद के साथ लखनऊ पुलिस द्वारा की गई मारपीट के मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए। चालक को 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन डिपो प्रधान गंगाराम सौरोत की अध्यक्षता में सौंपा गया। संचालन अनिल तेवतिया ने किया।