पलवल। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों के सुधारीकरण, चौड़ीकरण तथा सौंदर्यीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर कर रही है। प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के ‘सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास’ की तर्ज पर कार्य कर रही है। मंगला सोमवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह पलवल से पंजाबी धर्मशाला तक लगभग 10 लाख रुपये की लागत से सड़क के सुधारीकरण कार्य के शिलान्यास अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर लोगों ने दीपक मंगला को फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
मंगला ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिसमें पलवल का एलिवेटेड पुल, अम्रुत योजना के तहत पेयजल व सीवर व्यवस्था, हर हाथ को हुनर प्रदान करने के उद्देश्य से दूधौला में बनाया जा रहा श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, शिक्षा स्तर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए जा रहे महाविद्यालय एवं आईटीआई, डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने तथा घर के द्वार तक सरकारी योजनाओं व परियोजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक गांव कस्बों में स्थापित किए गए अटल सेवा केंद्र व कॉमन सर्विस सेंटर मुख्य रूप से शामिल हैं।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन रणवीर सिंह मनोज, निगरानी समिति के चेयरमैन मुकेश सिंगला, अविनाश शर्मा, पार्षद संजय छाबडा, आशू राजपाल, कमल छाबडा, प्रवीण ग्रोवर, एलडी वर्मा मौजूद थे।