अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना के आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दुर्घटना-एक
गांव बामनीखेड़ा निवासी जोगेंद्र बुधवार देर रात टाटा सूमो को पलवल से अपने गांव लेकर जा रहा था। लेकिन गांव कुसलीपुर के पास सड़क के बीचों बीच खराब खड़े एक कैंटर से जा टकराई। गंभीर रूप से घायल जोगेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां जोगेंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बृहस्पतिवार को मृतक के भाई हीरा के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दुर्घटना-दो
गांव हरफली निवासी रमेश पुत्र हरी सिंह बुधवार देर रात अपनी बाइक से सीकरी से अपने गांव हरफली जा रहा था। संतुलन बिगड़ने पर बाइक एक पेड़ से जा टकराई। गंभीर रुप से घायल रमेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दुर्घटना-तीन
जिला गौतमबुद्ध नगर (यूपी) के गांव बैना बुढ़का निवासी रूपबती पत्नी जिले सिंह बुधवार को अपने भतीजे से मिलने प्रकाश कॉलोनी पलवल आईं थीं। बृहस्पतिवार को जब वापस अपने गांव जाने के लिए पलवल-अलीगढ़ मार्ग को पार कर रहीं थीं तभी एक डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के पति जिले सिंह के ब्यान पर डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।