गैस सिलेंडर व भंडारे का सामान जबरन उठाकर ले जाने, मारपीट करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
असावटी निवासी मनोहर लाल पुजारी ने सदर थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उनके परिजन (पूर्वज व वह) असावटी गांव स्थित जमीन पर पिछले 80-100 साल से काश्तकारी कर रहे हैं। लेकिन 14 अक्टूबर को वह (मनोहर लाल) और उनका बेटा रमेश अपने कार्यालय में बैठे हुए थे।
वे जमीन की चारदीवारी के भूमि पूजन के लिए और अपने पिता की मूर्ति स्थापित कर भंडारा कार्यक्रम कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही रामबाबू, करण सिंह, रिंकू, राकेश, अर्जुन, इंद्रजीत, राजेश व ईश्वर सिंह वहां पहुंच गए। आरोपियों ने आते ही टेंट को उखाड़ दिया, दो गैस सिलेंडरों व भंडारे के सामान को जबरन उठाकर ले गए।
आरोप है कि जब उन्होंने मना किया तो आरोपियों ने कहा कि वे भंडारा नहीं करने देंगे। आरोपियों ने गालियां दीं और झगड़ा किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।