इनामी बदमाश चढ़ा पुलिस के हत्थे
हथीन। पुलिस ने इनामी बदमाश को गुराकसर गांव के बस अड्डे से अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। एवीटी स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरेश भड़ाना ने बताया कि टीम गश्त पर थी तभी मुखबिर की सूचना पर नूंह जिले के बिछौर थाना के गांव नई निवासी हनीफ पुत्र इस्माइल को गिरफ्तार किया गया। जांच अधिकारी एएसआई मोहम्मद जुबैर ने बताया कि आरोपी से जब पूछताछ की गई तो पता चला कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मथुरा जिला अंतर्गत थाना कोतवाली में मामला दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ राजस्थान के अलवर अंतर्गत थाना रामगढ़ में भी केस दर्ज है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि लगभग 5 महीने पहले काला उर्फ फारूक निवासी खाइका, सादिक व इरफान निवासी उटावड, बिल्लू, यूनुस निवासी देवला ने मथुरा से गोवंश चोरी करके आ रहे थे। रास्ते में छाता और मथुरा के बीच पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने बैरियर को टक्कर मारकर गोली चला दी और भाग निकले। लेकिन पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान मुठभेड़ में कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे और इसका साथी अफसर उर्फ अख्तर निवासी कंसारी मारा गया था। शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।