पलवल। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी के लिए रविवार को फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में हुए समारोह में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अतिरिक्त उपायुक्त सतेंद्र दूहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया।
परेड का नेतृत्व कमांडर डीएसपी पलवल सत्येंद्र कुमार ने किया। इसमें हरियाणा पुलिस, हरियाणा महिला पुलिस, होमगार्ड व एनसीसी समेत कुल 10 टुकड़ियां थीं। हरियाणा पुलिस की प्रथम टुकड़ी का नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर साहिल, दूसरी का नेतृत्व एएसआई रेनू, होमगार्ड की टुकड़ी का विजय शर्मा, एनसीसी सीनियर विंग एसडी कॉलेज पलवल की टुकड़ी का अरुण शर्मा, एनसीसी सीनियर विंग आईटीआई पलवल का राहुल, एनसीसी सीनियर विंग अंबेडकर कालेज पलवल का कुमारी यामू, एनसीसी जूनियर विंग राजकीय कन्या विद्यालय अलावलपुर का कुमारी रीना, स्पेशल पुलिस कोर हरियाणा पुलिस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाल पलवल का आशीष, स्काउट्स एवं गाइड्स का अमित यादव और प्रजातंत्र के प्रहरी की विद्यालय पलवल कैंप की टुकड़ी का कुमारी रजनी राठौर ने किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल और टैगोर पब्लिक स्कूल पलवल के बैंड ने मधुर धुन बिखेरी।
इसी प्रकार विद्यालय बाल पलवल के विद्यार्थियों ने मास पीटी शो और सूर्य नमस्कार, सरस्वती महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। राजकीय कन्या विद्यालय पलवल शहर व कैंप, राजकीय उच्च विद्यालय सल्लागढ़, बीके स्कूल और जीवन ज्योति स्कूल की छात्राओं ने रंगोली बनाई।
एडीसी दूहन ने समारोह स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस विभाग को जो जिम्मेवारी सौंपी गई है, वह उसे समय पर पूर्ण करे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस, पेयजल की भी सुविधा होनी चाहिए। स्टेडियम में साफ-सफाई व स्वच्छता का विशेष प्रबंध होना चाहिए। समारोह में कोविड-19 की सभी हिदायतों की अनुपालना सुनिश्चित हो। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत, एसडीएम कंवर सिंह, सीटीएम अंकिता अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मैरी मसीह, खंड शिक्षा अधिकारी सुखबीर सिंह आदि मौजूद रहे।