उलेटा-भादस लिंक रोड का मामला, शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। मार्केटिंग कमेटी के अधीन आने वाली उलेटा-भादस लिंक रोड की बदहाल स्थिति विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। आलम यह है कि सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई परत राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। वहीं, दूसरी ओर कागज पर इसे रिपेयर्ड दिखाया जा रहा है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ह्यूमन राइट जस्टिस एसोसिएशन, नूंह के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सलीम खान ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय कुछ कर्मचारी कागजी कार्रवाई तक ही सीमित हैं। उनका आरोप है कि इस लिंक रोड को विभागीय रिकॉर्ड में रिपेयर किया हुआ दर्शाया गया है, जबकि मौके पर सड़क की स्थिति पूरी तरह बदहाल है।
कोट
सड़क की जांच कराई जाएगी और जल्द ही मरम्मत का काम शुरू करवा दिया जाएगा। - रियाज, जेई, मार्केटिंग बोर्ड